Share this
मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड के स्थानीय बेहटा, मैना गांव में श्री श्री 108 वैष्णवी दुर्गा पूजा समिति के सौजन्य से विगत 42 वर्षों से माता दुर्गा की पूजा- अर्चना श्रद्धापूर्वक की जा रही है। यहां माता दुर्गा, शिव, पार्वती, लक्ष्मी, गणेश, कार्तिक सहित अन्य देवी-देवताओं की संगमरमर की आकर्षक स्थायी प्रतिमाएं स्थापित हैं।
मेला आयोजन समिति एवं ग्रामीणों के सहयोग से एक दशक पूर्व यहां संगमरमर की स्थायी प्रतिमाएं स्थापित की गई। इससे पूर्व यहां भी मिट्टी की प्रतिमाएं बनाई जाती थी। यहां माता दुर्गा के वैष्णवी स्वरुप का पूजन किया जाता है। गांव सहित आसपास के गांव के लोगों का यह अटूट आस्था का केन्द्र है। बताया जाता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से यहां माता की आराधना करते हैं उनकी मन्नते पूरी होती है।
दशमी के अतिरिक्त अन्य दिन भी ऐसे भक्तों का लगातार यहां आना-जाना लगा रहता है। प्रतिदिन पूजा-अर्चना व मंदिर की साफ-सफाई के लिए यहां पूजारी भी नियुक्त हैं। पूजा समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह का कहना था की यहां हर वर्ष दशमी में भव्य मेले का भी आयोजन होता है। श्रद्धालुओं के लिए रात में जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, वहीं दिन में देश के नामचीन पहलवानों के बीच दंगल का भी आयोजन होता है। मेला समिति के सचिव राम प्रकाश सिंह एवं कोषाध्यक्ष विजय सिंह का कहना था कि चौथे दिन माता की कुष्मांडा स्वरुप की पूजा-अर्चना की गई।
माता कुष्मांडा रोग, द्वेष, दोष सहित सभी दुखों से मुक्ति दिलाती हैं।
इस मौके पर वीरेन्द्र साह, राजगीर यादव, योगेन्द्र यादव, लक्ष्मण यादव, विनोद यादव, जानकी नन्दन सिंह, मनोज यादव सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।