मसौढ़ी (पटना):
मसौढ़ी प्रखंड की खरांट पंचायत की मुखिया, उनके पति और पुत्र के खिलाफ शेयर मार्केटिंग तथा ऑनलाइन नेटवर्किंग कंपनी में निवेश के नाम पर 6 लाख 95 हजार एक रुपये की ठगी करने का गंभीर मामला सामने आया है।
इस संदर्भ में धनरूआ थाना क्षेत्र के नदवां ओपी अंतर्गत नदवां गांव निवासी लगन कृष्ण के पुत्र अमृत देव ने मसौढ़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए तीनों को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
खाते और नकद के जरिए ऐंठ लिये लाखों रुपये
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपितों ने पीड़ित को शेयर बाजार और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया था।
उनके झांसे में आकर पीड़ित ने 1 लाख 95 हजार एक रुपये बैंक खाते के माध्यम से ट्रांसफर किए, जबकि 5 लाख रुपये नकद सौंप दिए।निर्धारित समय बीतने के बाद जब पीड़ित ने अपने मूलधन और मुनाफे की रकम वापस मांगी, तो आरोपित लगातार टालमटोल करने लगे और राशि लौटाने से मुकरने लगे।
रुपये लौटाने के बहाने बुलाकर की मारपीट
पीड़ित का आरोप है कि रुपये लौटाने का झांसा देकर उसे गांव के पश्चिम स्थित यात्री शेड के पास बुलाया गया।
वहां पहुंचने पर मुखिया के पुत्र ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी जेब से 1,500 रुपये नकद तथा पहने हुए करीब पांच ग्राम सोने की अंगूठी और सोने की चेन जबरन छीन ली।
मुखिया पति ने नकारा, पुलिस कर रही जांच
दूसरी ओर, मुखिया के पति सोहन चौधरी ने सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताते हुए इसे राजनीतिक विरोधियों की सोची-समझी साजिश करार दिया है।
मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन कर रही है।
