खुसरूपुर। बैकुंठधाम मंदिर ओपी क्षेत्र के कुर्था गांव में एक 81 वर्षीय वृद्ध का शव अपने ही घर के अंदर संदेहास्पद स्थिति में बरामद किया गया है।
मृतक की पहचान गांव निवासी विश्वनाथ साव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर का कुछ हिस्सा जला हुआ था और उनकी जीभ बाहर निकली हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक विश्वनाथ साव ने तीन शादियां की थीं।
उनके बच्चे उनसे अलग किराए के मकान में रहते हैं। मृतक की पत्नी रोज घर आकर उनके लिए खाना बनाती थी और फिर वापस अपने बेटे-बहू के पास चली जाती थी।
इस संबंध में फतुहा एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।
