पटना। छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने और उनके डिजिटल कौशल को विकसित करने की दिशा में आरपीएम कॉलेज ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में आरपीएम कॉलेज और कार्यानेक्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय की छात्राओं को आधुनिक डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, तकनीकी जागरूकता बढ़ाना तथा उनके कौशल विकास के लिए समय-समय पर विभिन्न सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाओं का आयोजन करना है।
एमओयू के तहत महाविद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों में भी डिजिटल प्रणाली के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके माध्यम से शैक्षणिक परिसर में तकनीकी जागरूकता विकसित करने और डिजिटल कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. पूनम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह समझौता छात्राओं के तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण की महत्ता लगातार बढ़ रही है। इस एमओयू के माध्यम से हमारा प्रयास होगा कि छात्राएं और महाविद्यालय के विभिन्न विभाग आधुनिक डिजिटल तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि छात्राएं भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर डॉ. नुज़हत, डॉ. पवन, डॉ. पूनम एवं डॉ. प्रतिष्ठा सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
महाविद्यालय प्रशासन की इस पहल से छात्राओं में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि यह समझौता छात्राओं को डिजिटल रूप से दक्ष बनाने, व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने और भविष्य में रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
