Share this
मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्रा के आठवें दिन गुरुवार को मां दुर्गा के मंदिरों का पट खुलते ही श्रद्धालुजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह कार्यक्रम प्रखंड क्षेत्र की 21 जगहों पर आयोजित था।
इसमें हजारों महिलाओं ने भाग लेकर आरती की। इसी के साथ शक्ति की अधिष्ठात्री मां दुर्गा की सामूहिक पूजा-अर्चना विधिवत शुरू हो गई। शांतिपूर्ण संपादन के लिए सभी पूजा समितियों की तैयारियां अच्छी हैं।
मुख्य बाजार लदनियां,दोनवारी,पिपराही, खाजेडीह,पदमा,विषहरिया,सिधपकला, गजहरा,गाढ़ा,पिपराही,सिधपा, योगिया,परोरियाही समेत 21 स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं और पंडालों की बनावट व सजावट कुशल कारीगरों के द्वारा की गई है।
मां दुर्गा के साथ अन्य देवी देवताओं की मूर्तियों को भी प्रसिद्ध मूर्तिकारों ने रात-दिन मेहनत कर बनाया है। दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर प्रखंड क्षेत्र में काफी उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों एवं पूजा स्थल पर सजे छोटे-बड़े दुकानों के कारण रौनक बढ़ गई है।
ढोल-नगाड़े बजने लगे हैं। घर-घर में शुभ वेला दस्तक देने लगी है। प्रखंड का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
दोनवारी गांव में मां दुर्गा से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर नौजवानों एवं बच्चों के द्वारा अपने घर से मंदिर तक डंड प्रणाम करते हुए सैकड़ों के संख्या में लोग आते हैं और पूजा अर्चना करते हैं। यहां दिन में ही निशा पूजा का प्रावधान है।