पटना पुलिस ने करोड़पति चोर लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।
इसकी गिरफ्तारी के साथ ही कई संगीन मामलों का भी खुलासा हुआ है। दरअसल, पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेहरू नगर से शातिर चोर दिनेश उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनेश ने 19 जनवरी को एसके पुरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक घर से सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की थी।
गिरफ्तार चोर ने पकड़े जाने के डर से चोरी के जेवरात कचरे में फेंक दिए थे। पटना पुलिस ने सभी गहनों को 24 घंटे के अंदर बरामद कर लिया है।
दिनेश उर्फ लंगड़ा पिछले कई सालों से राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों, जैसे कंकड़बाग, चित्रगुप्त नगर, शास्त्री नगर, और एसके पुरी में चोरी की वारदातों को अंजाम देता आ रहा है।
वह अब तक 5 बार जेल जा चुका है और 2012 से सक्रिय रूप से चोरी में लिप्त है।
दिनेश ने चोरी की घटनाओं से अकूत संपत्ति अर्जित की है। पुलिस अब उसकी संपत्ति की जांच कर उसे अटैच करने की तैयारी में है।
पाटलिपुत्र थाना पुलिस की गश्ती टीम ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए नेहरू नगर से दिनेश को गिरफ्तार किया। इस सफलता के बाद पुलिस राजधानी में चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा करने का दावा कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद दिनेश ने अपने अपराध स्वीकार किए हैं। पुलिस का कहना है कि वह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है।
यह गिरफ्तारी राजधानी में अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
