Share this

बिहार के मधुबनी जिले से एक दिल दहलाने वाली और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मधेपुर थाना के सुंदर बिराजित गांव में एक दरिंदा पति ने अपनी ही पत्नी की जान लेने की कोशिश की, वह भी सास के इशारे पर।इस पूरी घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जब पति अपनी पत्नी को तालाब में डुबो-डुबोकर मार रहा था, तब ग्रामीण मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे और घटना का वीडियो बनाते रहे।
सास का मिला साथ
पीड़िता की पहचान संगीता कुमारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसने मधेपुर थाना में अपने पति देवेंद्र यादव और सास भुलूर देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। संगीता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2016 में सुंदर बिराजित गांव निवासी दुखन यादव के पुत्र देवेंद्र यादव से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद से उसे दहेज और पारिवारिक विवाद को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। यह प्रताड़ना समय के साथ बढ़ती ही गई, जो अंततः इस भयानक वारदात में बदल गई।
ग्रामीणों की संवेदनहीनता
घटना वाले दिन की भयावहता बताते हुए संगीता ने बताया कि देवेंद्र ने उसे बालों से घसीटते हुए घर से बाहर निकाला और सीधे गांव के ही एक तालाब में ले गया। वहाँ उसने संगीता का सिर कई बार पानी में डुबोकर मारने की कोशिश की। संगीता खुद को बचाने के लिए बेबस होकर चीखती-चिल्लाती रही और लोगों से मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन तालाब के पास खड़े लोग केवल मूकदर्शक बने रहे। कई ग्रामीणों ने तो इस अमानवीय घटना का वीडियो बनाना भी शुरू कर दिया, जो इंसानियत को शर्मसार करने वाली बात है।किसी तरह से अपनी जान बचाकर संगीता अपने मायके- घोघरडीहा थाना क्षेत्र के भोलीरही गांव पहुंची। वहां अपने पिता श्यामलाल यादव के सहयोग से उसने मधेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि आरोपी पति देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस जघन्य अपराध में सहयोगी के तौर पर नामित सास भुलूर देवी के खिलाफ भी जांच जारी है।