पटना/बैंकॉक, 9 अप्रैल 2026:
बैंकॉक (थाईलैंड) में आयोजित BANGKOK 2026 ASIA–OCEANIA OPEN प्रतियोगिता में बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि से पूरे बिहार में गर्व और खुशी का माहौल है।

बिहार के लिए गर्व की बात है कि झंडू कुमार ने इस प्रतियोगिता में 72 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 191 किलोग्राम लिफ्ट कर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
झंडू कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी ताकत और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। ये मुलत: हरनौत, नालन्दा बिहार के रहने वाले हैं।
बैंकॉक 2026 एशिया–ओशिनिया ओपन चैंपियनशिप 7-12 अप्रैल 2026 तक थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक मिरेकल ग्रैंड कन्वेंशन होटल, बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित की जा रही है।
यह विश्व पारा पावरलिफ्टिंग द्वारा स्वीकृत एक प्रमुख पैरा-पावरलिफ्टिंग प्रतियोतिा है, जो 2026 आइची-नागोया एशियाई पैरा खेलों और 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालीफाइंग इवेंट के रूप में कार्य करता है।
इस प्रतियोगिता में एशिया और ओशिनिया के 23 देशों के लगभग 249 एथलीट भाग ले रहे हैं तथा भारत के 29 एथलीट और अधिकारी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

बैंकॉक 2026 एशिया–ओशिनिया ओपन चैंपियनशिप 2028 पैरालंपिक खेलों के लिए एक महत्वपूर्ण क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट है।
बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि राज्य में खेल जगत के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
इस अवसर पर बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. शिवाजी कुमार, सचिव संदीप कुमार, प्रबंधक संतोष कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव लक्ष्मीकांत कुमार, प्रशिक्षक कुंदन कुमार पांडे, तुलसी कुमार, अमित कुमार, प्रमोद कुमार, रवि कुमार, वरिष्ठ पत्रकार विश्वमोहन चौधरी संत सहित सभी सदस्यों ने झंडू कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
अन्य सभी पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि झंडू कुमार की यह सफलता आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और बिहार को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
