इन दिनों दुर्गापूजा के अवसर पर जिले भर में जगह-जगह पूजा पंडालों में हो रहे मंत्रोच्चारण से संपूर्ण प्रखंड का वातावरण देवीमय हो गया है।
सभी 18 पंचायतों में माता भगवती दुर्गा की पूजा उपासना में लोग लीन दिखाई पड़ते हैं। नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप भगवती मां चंद्रघंटा की पूजा हुई। श्रद्धालुओं का दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में आवागमन बढ़ गया है।
इस बार खुटौना दुर्गा मंदिर के समक्ष निर्मित पंडाल की शोभा निराली है। पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों ने इसे भव्य आकृति प्रदान की है। सजावट का जो काम बाकी है, वह दिन-रात चल रहा है। पूजा समिति के सदस्यों के अनुसार सातवें दिन पट खुलने तक सजावट का काम पूरा हो जाएगा। सप्तमी से लेकर पूजा के समापन तक रात्रि जागरण संगीत का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस बार बेगूसराय के कलाकार जागरण कार्यक्रम में अपना जलवा बिखरेंगे। लौकहा बाजार, मझौरा, अरनामा, चतुर्भुज पिपराही, परसाही, दुर्गीपट्टी तथा नहरी आदि तमाम जगहों में पूर्वाह्न के समय सप्तशती के मंत्र गुंजित होते रहते हैं। शेष समय देवी गीत अनवरत बजाते रहते हैं जिससे मन आनंदित रहता है। शाम के समय सभी मंदिरों में मां दुर्गा को सांझ देने वाली महिलाओं का तांता लगा रहता है। इस अवसर पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूजा समिति के स्वयंसेवक मुस्तैद रहते हैं। इस बार पूजा की विशेषता यह है कि प्रधानमंत्री मोदी के आवाह्न पर पूजा पंडालों तथा मेला स्थलों पर साफ-सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
