Share this
सिवान से सनसनीखेज खबर है, जहां सदर अस्पताल के गेट के पास एंबुलेंस भाड़े के विवाद में एक ड्राइवर को गोली मार दी गई है। घायल ड्राइवर को पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे के आसपास सिवान के नगर थाना क्षेत्र में सदर अस्पताल के गेट के समीप हुई है। एंबुलेंस भाड़े को लेकर हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें अज्ञात हमलावरों ने एक एंबुलेंस ड्राइवर को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को तुरंत सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले भी विवाद हो चुका था और इसके संबंध में थाने में शिकायत दर्ज है। सूचना मिलते ही सिवान SP मनोज तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।