भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) अंचल परिषद की ओर से बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही भूमिहीनों को जमीन उपलब्ध कराने और बैकठपुर मुसहर टोली के 32 पर्चाधारियों को उनकी चिन्हित जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ता स्टेशन रोड से जुलूस की शक्ल में निकले और नारेबाजी करते हुए नगर क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद जुलूस प्रखंड कार्यालय पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया।सभा को सीपीआई के अंचल सचिव कॉमरेड भूषण पांडेय, वरिष्ठ नेता कुमार विंदेश्वर, विनोद कुमार, बबलू कुमार और जिला सचिव विश्वजीत कुमार सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।
नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और विपक्ष लगातार अपनी आवाज उठा रहा है।प्रदर्शन के दौरान स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। सीपीआई नेताओं ने प्रखंड क्षेत्र के भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही नगर क्षेत्र के भूमिहीनों को भी जमीन देने की मांग की गई।इसके अतिरिक्त, बैकठपुर मुसहर टोली के 32 पर्चाधारियों को उनकी पहले से चिह्नित जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की गई।
इन सभी मांगों को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को मांगपत्र सौंपा गया।प्रदर्शन में भोला शर्मा, विपिन सिंह, रामवरण सिंह, अनूप कुमार, विपिन पासवान, मुरारी वर्मा और वासुदेव प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
