फतुहा। नदी थाना पुलिस ने जेठुली के समीप रेलवे ट्रैक व स्टेट हाइवे के बीच में 208 केन बियर तथा 19 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है।
हालांकि पुलिस को देखते ही सभी धंधेवाज भागने में सफल हो गये। नदी थाना एसएचओ राजु कुमार के मुताबिक बरामद शराब की यह खेप हावड़ा से लायी गयी थी।
इसे तीन चार पिट्ठू बैग में भरकर लाया गया था। जेठुली के समीप हिमगिरी एक्सप्रेस को चेन पुलिंग कर इस शराब की खेप को उतारा गया था।
ट्रेन से उतारने के बाद सभी धंधेवाज खपाने की तैयारी कर रहे थे तभी पुलिस को भनक लग गयी। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे ट्रैक के किनारे पहुंची।
पुलिस को देखते ही सभी धंधेवाज अपने अपने पिट्ठू बैग को फेंककर फरार हो गये। नदी थाना एसएचओ राजु कुमार ने बताया कि फिलवक्त अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
